सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले में हुई सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन की शुरुआत
खरसिया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन शुरुआत की है। ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में अभियान की शुरुआत की गई। वहीं सिकलसेल पहचान कार्ड का वितरण किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के उदबोधन के पश्चात माननीय उपमुख्यमंत्री छ ग शासन द्वारा भी उदबोधन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अवधराम पटेल, कृषि उपज मण्डी अध्यक्ष खरसिया भोगसिंह राठिया, जनपद उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, उपसरपंच चपले हीरालाल पटेल, मनोज साहू, सीएमएचओ डॉ.मधुलिका ठाकुर, डीपीएम रंजना पैकरा, बीएमओ डॉ.अभिषेक पटेल, बीपीएम सूरज पटेल एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही।
सिकलसेल-एनीमिया ऐसा रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं जल्दी टूट जाती है। इसके कारण एनीमिया और अन्य जटिलताएं जैसे कि वेसो-ओक्लुसिव क्राइसिस, फेफड़ों में संक्रमण, एनीमिया, गुर्दे और यकृत की विफलता, स्ट्रोक आदि की बीमारी और यहां तक की पीड़ित के मौत तक की आशंका रहती है।
▪️ क्या है राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2023 में सिकल सेल एनीमिया बीमारी को लेकर एक ऐलान किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि साल 2047 तक इस रोग को भारत से जड़ से खत्म कर दिया जाए। इस मिशन का उद्देश्य विशेष रूप से आदिवासी आबादी के बीच सिकलसेल बीमारी को लेकर लोगों के जागरूक करना है। यह मिशन देश के गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम, उत्तर प्रदेश, केरल, बिहार और उत्तराखंड के 278 जिलों में लागू किया गया है।


Comment here