खरसियाखास खबरछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़रायगढ़

चपले गौठान को मॉडल गौठान के रूप में विकसित करने के निर्देश कलेक्टर भीम सिंह ने किया खरसिया ब्लॉक के 4 गौठानों का निरीक्षण

Spread the love

चपले गौठान को मॉडल गौठान के रूप में विकसित करने के निर्देश

कलेक्टर भीम सिंह ने किया खरसिया ब्लॉक के 4 गौठानों का निरीक्षण
————————————————————————–
रायगढ़, 16 अप्रैल2021/ शुक्रवार को खरसिया ब्लाक के अंतर्गत किरीतमाल, चपले, खैरापाली व कुनकुनी गौठान का निरीक्षण कलेक्टर श्री भीम सिंह ने किया। सीईओ जिला पंचायत डॉ रवि मित्तल भी इस दौरान साथ रहे। चपले गौठान के कार्य प्रणाली की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने मॉडल गौठान के रूप में इसे विकसित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले किरीतमाल गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान गौठान समिति के अध्यक्ष सतपति पटेल से कलेक्टर श्री सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल ने बातचीत की। समिति के अध्यक्ष श्री पटेल ने बताया कि करीब 7 एकड़ भूमि पर एससी प्राधिकरण से 21 लाख की लागत से गौठान का निर्माण कराया गया है। यहां अब तक 94 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट बनाया गया, जिसमें से 26 क्विंटल की बिक्री आसपास के किसानों, सोसाइटी आदि को किया गया है। इसी तरह से शेष वर्मी कंपोस्ट के लिए भी स्कूल प्रबंधन, उद्यान और किसानों को बिक्री करने की दिशा में काम किया जा रहा है। समिति के सदस्यों ने बताया कि गौठान में सब्जी उगाने का कार्य भी चल रहा है। पूर्व में यहां 7 हजार रुपए का आलू बेचा गया था। इस पर जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल ने मल्टी एक्टिविटी के तहत मशरूम उगाने और अन्य कार्य करने के सुझाव दिए। समिति की महिलाओं ने शेड नहीं होने के कारण कार्य करने में परेशानी होने की बात कही, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बांस लगाकर कच्चा शेड बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह, जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल, सीईओ जनपद पंचायत श्री सोम सहित अधिकारियों ने चपले गौठान का निरीक्षण किया। गौठान का निर्माण पुराने स्कूल के सामने से लेकर पीछे करीब 12 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में किया गया है। यहां बताया गया कि अब तक 27 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की गई है। इसी तरह करीब 113 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट बनकर तैयार है, जिसकी पैकेजिंग कर बेचने के लिए किसानों और सोसाइटी से संपर्क किया जा रहा है। इस दौरान महिलाओं ने मल्टी एक्टिविटी के तहत साबुन, अगरबत्ती, सर्फ बनाने की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने और ज्यादा मात्रा में अगरबत्ती, सर्फ , साबुन बनाने और इसे प्रदर्शनी लगाकर बेचने की बात कही। चपले गौठान में 60 पिट में गोबर और केंचुआ डालकर वर्मी कंपोस्ट बनाया जा रहा है। गौठान के क्षेत्र और पूर्व के स्कूल के भवन की सुविधा को देखते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सीईओ जनपद श्री सोम को चपले को मॉडल गौठान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर भीम सिंह, जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल एवं अधिकारियों ने खैरापाली गौठान का निरीक्षण किया। गौठान मुख्य पहुंच मार्ग से कुछ दूर पर स्थित है। इस पर गौठान से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। गौठान समिति के सदस्यों ने बताया कि यहां 57 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट बनाया गया था, जिसमें से 14 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की गई है। यहां महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों ने शेड और पानी की व्यवस्था नहीं होने की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने समूह को तत्काल लोन दिलाने के लिए जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल को निर्देशित किया। इसी तरह अस्थाई रूप से वर्तमान में शेड बनाने और कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद कुनकुनी गौठान का निरीक्षण किया गया। यहां भी मुख्य मार्ग से गौठान जाने के लिए सड़क की समस्या होने की बात सामने आई। इस पर नरेगा से सड़क निर्माण करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। यहां वर्मी कंपोस्ट बनकर तैयार था, जिसे जल्द बेचने के निर्देश दिए गए। वर्मी कंपोस्ट बनाने संबंधित कार्य व गोबर खरीदी में तेजी लाने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ डॉ.मित्तल ने दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत श्री सोम, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ.एच.आर.पांडे, उपसंचालक रेशम श्री एस. एन.कंवर, सहायक संचालक उद्यान डॉ कमलेश्वर दीवान, सहायक संचालक मछली पालन श्री एम.के पटले आदि अधिकारी उपस्थित थे।
अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश
——————————————–
निरीक्षण के दौरान किरीतमाल एवं चपले के गौठान पदाधिकारियों ने गौठान की भूमि पर पास के गांव के लोगों द्वारा अतिक्रमण करने की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने सीईओ श्री सोम और तहसीलदार को चपले और किरीतमाल गौठान का सीमांकन कराने और अतिक्रमण पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
शासन की महत्वपूर्ण योजना के आप सभी भागीदार
————————————————-
गोठान निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने सभी गौठान समिति और वहां कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कहा कि नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जहां गौठान में गोबर खरीदी से लेकर वर्मी कंपोस्ट निर्माण के साथ विभिन्न वस्तुएं निर्माण से ग्रामीण परंपरागत कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है। आप सभी को गौठान में वर्मी कंपोस्ट बनाने, सब्जी उत्पादन, मछली पालन और मल्टी एक्टिविटी के तहत सामग्री तैयार करने से रोजगार और आय की प्राप्ति होगी।
मणिकंचन केन्द्र का निरीक्षण
—————————-
कलेक्टर श्री भीम सिंह व जिला पंचायत सीईओ डॉ रवि मित्तल सहित अधिकारियों ने खरसिया मणि कंचन केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान खरसिया नगर पालिका परिषद के सीएमओ ने बताया कि मणि कंचन केंद्र में 25 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का बनाया गया था, जिसमें से 18 क्विंटल की बिक्री की गई है। उन्होंने बताया कि यहां मणि कंचन केन्द्र परिसर में 147 लो कास्ट पिट का निर्माण कराया गया है, जिसमें केन्द्र में आये गोबर व केंचुआ डाला गया है। इससे बड़े तादाद में वर्मी कंपोस्ट बनकर तैयार होगा, जिसे बेचने के लिए किसानों और सोसाइटी, विभिन्न विभाग से संपर्क किया जा रहा है।

Comment here