महिला पत्रकार के घर में घुसकर मारपीट और बलवा का मामला

महिला पत्रकार के घर में घुसकर मारपीट और बलवा का मामला

6 दिन बाद भी FIR न होने पर खरसिया प्रेस क्लब ने खोला मोर्चा

खरसिया

छत्तीसगढ़ के खरसिया में एक महिला पत्रकार के घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और बलवे के सनसनीखेज मामले में अब स्थानीय पत्रकारिता जगत मुखर हो गया है। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने से पत्रकारों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस सिलसिले में खरसिया प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के नाम एसडीओपी खरसिया को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

*क्या है पूरी घटना?*

पीड़िता एवं स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट को लेकर उपजे विवाद के बाद, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष गायत्री केशरवानी अपनी पुत्री और 5 से 6 अन्य अज्ञात लोगों के साथ कथित तौर पर रात्रि के समय महिला पत्रकार पूजा जायसवाल के निवास पहुँची थीं।
आरोप है कि इस दौरान घर के भीतर जबरन प्रवेश कर मारपीट और बलवे की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, समय रहते डायल 112 और स्थानीय पुलिस बल के मौके पर पहुँच जाने से स्थिति नियंत्रित हो गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन छह दिन गुजर जाने के बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज न होना पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है।

*सुरक्षा पर गंभीर खतरा और सोशल मीडिया पर धमकियाँ*

इस घटना के बाद से पीड़ित पत्रकार पूजा जायसवाल और उनका परिवार भारी मानसिक प्रताड़ना और भय के साए में जीने को मजबूर है। पीड़िता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए संभावित हमले या एसिड अटैक का अंदेशा व्यक्त किया है।
दूसरी ओर, मामले में नया मोड़ तब आया जब विपक्षी पक्ष और उनके समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से फिल्मी अंदाज में धमकी भरे पोस्ट साझा किए जाने लगे। साथ ही, क्षेत्र के पत्रकारों पर अवैध वसूली जैसे निराधार और गंभीर आरोप भी मढ़े जा रहे हैं, जिससे पूरे जिले के पत्रकार जगत में भारी रोष है। एसडीओपी को सौंपे गए ज्ञापन में खरसिया प्रेस क्लब ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट माँगे रखी हैं। शीघ्र एफआईआर दर्ज करते हुए घटना में संलिप्त सभी नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत और गंभीर धाराओं में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए।

*पत्रकार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए निष्पक्ष जाँच और दंडात्मक कार्रवाई हो सुनिश्चित*

पीड़ित पत्रकार और उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए और कानून को हाथ में लेने वाले उपद्रवियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई हो।
पत्रकार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा के भीतर दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो पत्रकार संगठन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करता है।

*महिला पत्रकार से मारपीट के मामले में भाजपा नेत्री पर कार्रवाई की मांग, पत्रकारों ने जिला भाजपा को सौंपा ज्ञापन*

नगर के पत्रकारों ने इस मामले को लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष के नाम खरसिया नगर मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा को भी ज्ञापन सौंप पर महिला नेत्री पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है, ज्ञापन में पत्रकारों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक संबंधित नेत्री को पार्टी के सभी पदों एवं संगठनात्मक दायित्वों से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा जांच में आरोप प्रमाणित होने पर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाए। साथ ही जिला भाजपा नेतृत्व पुलिस प्रशासन से संपर्क कर बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करवाए। नगर के पत्रकारों ने अपने ज्ञापन में पीड़ित महिला पत्रकार एवं उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता स्पष्ट करने तथा भविष्य में पत्रकारों को धमकाने, उनके कार्य में अनुचित हस्तक्षेप करने या दुर्व्यवहार करने वाले पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि भाजपा नेतृत्व इस संवेदनशील मामले में त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर संगठनात्मक कार्रवाई कर पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करेगा।

आपका ज्ञापन जिले के पदाधिकारियों को भेज दिया गया है, वहां से जैसा निर्देश प्राप्त होगा वैसी कार्यवाही की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी निष्पक्ष जांच के पक्ष में है।
विजय शर्मा (नगर मण्डल अध्यक्ष, खरसिया भाजपा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share with