मतदाता सूची में नाम जोड़ने 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर: चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर चल रहा तीन दिवसीय अभियान

📢 मतदाता सूची में नाम जोड़ने 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर: चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर चल रहा तीन दिवसीय अभियान…

• 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं से भी लिए जा रहे अग्रिम आवेदन, स्कूल-कॉलेजों में भी जारी है विशेष पंजीयन…

रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026/ निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों में 8 से 10 अक्टूबर को तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के लिए सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

फॉर्म-6 के जरिए जुड़ रहा मतदाता सूची में नाम

विशेष शिविरों में पात्र नागरिक मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर रहे हैं। इसके साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे छात्र-छात्राओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जा रहे हैं, जो वर्ष 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की चार अर्हता तिथियों के अनुसार युवा अग्रिम रूप से ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन फॉर्म-6 जमा कर रहे हैं।

स्कूल-कॉलेजों में भी चल रहा पंजीयन अभियान

जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से भी विशेष पंजीयन अभियान चल रहा है। संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों एवं ईएलसी समन्वयकों द्वारा क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय कर पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाए जा रहे हैं।

बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जा रहा विलोपित प्रविष्टियों का सत्यापन

अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची में विलोपित प्रविष्टियों का सत्यापन किया जा रहा है। छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं की पहचान5 कर उनका पंजीयन कराया जा रहा है। बीएलओ के साथ अभिहित अधिकारी भी मतदान केंद्रों पर पंजीयन एवं सत्यापन कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्राप्त आवेदनों और मैदानी सत्यापन की रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराई जा रही है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। शिविरों में प्राप्त फॉर्म-6, घर-घर सर्वे से मिले आवेदनों और कुल पंजीकरण की दैनिक प्रगति दर्ज की जा रही है। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ प्राप्त आवेदनों की सूची भी साझा की जा रही है।

नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों एवं युवाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र अथवा शैक्षणिक संस्थान में चल रहे विशेष शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का लाभ उठाएं। पात्र युवा समय पर पंजीयन कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Follow @raigarh drishti for the latest news updates 📸

#raigarh #chhattisgarh #raigarh_drishti #raigarhnews #raigarhcity #raigarhupdate #raigarhdrishti #रायगढ़ #raigarhpolice

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share with